नई दिल्ली : देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि 18 राज्यों में भारी बारिश और तेज़ हवाओं का प्रभाव देखने को मिलेगा।कुछ राज्यों में 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। इसके प्रभाव से 5 मार्च तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-NCR में बीते दिनों हुई बारिश के बाद सुबह-शाम हल्की ठंडक महसूस की जा रही है, लेकिन दिन में अच्छी धूप खिलने से तापमान बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 4 और 5 मार्च को तेज हवाएं चल सकती हैं और आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं।
इसके बाद 6 मार्च से तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है और अगले 10 दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।