गोपालगंज : गोलियां चलने के मामले लगातार सामने आ रहा है। ऐसा ही मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के पुरानी भट्ठी वार्ड-21 से सामने आया है। जहां गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक के मुंह में गोली मार दी गई। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की पहचान दिग्विजय के तौर पर हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दिग्विजय को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया।
जिसके बाद उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि दिग्विजय एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। वह अपनी कार आरोपी के घर के पास पार्क कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
आरोप है कि स्थानीय आकाश साह ने दिग्विजय के मुंह पर गोली चला दी। मीरगंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि गोली दिग्विजय के चेहरे को छूते हुए निकल गई। जानकारी के अनुसार पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।