फतेहगढ़ साहिबः पंजाब सरकार और पुलिस द्वारा भले ही नशे के खिलाफ सख्ती के कार्रवाई की जा रही है, लेकिन उसके बावजूद नशे से हो रही मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा। वहीं लगातार नशे से हो रही मौतो लेकर लोगों में रोष पाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गांव पवाला में पिछले 15 दिनों में 2 सगे भाइयों की ओवरडोज से मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई ना होने को लेकर गुस्साए लोगों ने फतेहगढ़ साहिब-चंडीगढ़ रोड पर चुन्नी के पास धरना लगा दिया। जहां लोगों ने जमकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। दूसरी ओर मृतकों के चाचा बलवीर सिंह ने बताया कि उनके दोनों भतीजे नशे की दलदल में फंस गए थे। पहले बड़े भतीजे की मौत हुई और बीते दिन छोटे भतीजे ने भी ड्रग की ओवरडोज के कारण दम तोड़ दिया। इस मामले को लेकर गांव के सरपंच चनप्रीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र में खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है।
उनका कहना है कि नशे को लेकर पुलिस चौकी से लेकर एसएसपी तक यह मुद्दा उठाया जा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दूसरी ओर इस मामले को लेकर फतेहगढ़ साहिब के नए एसएसपी शुभम अग्रवाल ने पदभार संभालते ही मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि गांव में विशेष अभियान चलाया जाएगा। नशे में फंसे युवाओं का इलाज कराया जाएगा और नशा बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।