लोगों ने एक दूसरें को बधाई देकर बांटी रेवडियां व मूंगफली
बददीसचिन बैंसल: बददी बरोटीवाला नालागढ़ में लोहडी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने एक दूसरे के घरों में जाकर मिठाई, रेवडी, गज्जक व मूंगफली का आदान प्रदान किया। इसके बाद शाम होते ही लोगों ने सार्वजनिक स्थानों व घरों में लोहडी दहन किया व पूरे क्षेत्र के सुख स्मृद्वि की कामना की। मोतिया प्लाजा बददी में लोहडी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया जिसमें अपार्टमेंट की मैनेजर सपना रावत ने लोगों को लोहडी का महत्व बताया और कहा कि लोहड़ी, लोककथाओं और पारिवारिक परंपराओं में गहराई से निहित है, इसे दशकों से फसल उत्सव के रूप में मनाया जाता रहा है। पारंपरिक रूप से कृषि पर निर्भर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण, लोहड़ी भरपूर फसल के लिए आभार व्यक्त करने का समय दर्शाती है। यह त्योहार अग्नि की पूजा से भी जुड़ा है, जो गर्मी और समृद्धि का प्रतीक है।
नए साल पर सबसे पहले लोहड़ी और फिर मकर संक्रांति मनाई जाती है। लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष अशोक राणा व सचिव अनिल मलिक ने कहा कि लोग इन दोनों त्योहारों का इंतजार करते हैं। लोहड़ी हिंदूओं व सिखों का प्रमुख त्योहार है। विशेषकर पंजाब में इस त्योहार को बहुत ही भव्य तरीके से मनाया जाता है। हालांकि, अब पूरे भारत के लोग इसे पसंद करते हैं।
भारत विकास परिषद की उपाध्यक्ष सुषमा ठाकुर ने कहा कि इस त्योहार पर महिलाएं लोकगीत गाती हैं। सभी लोग मिलकर भांगड़ा और गिद्दा करते हैं। मकर संक्रांति से एक दिन पहले लोहड़ी का त्योहार मनाया जाता है। सेेवा भारती की सदस्य डिंपल परमार ने कहा कि जहां 14 जनवरी को मकर संक्रांति मनाया जाएगा वहीं उससे एक दिन पहले यानी 13 जनवरी को लोहड़ी का त्योहार बीबीएन में मनाया गया।
लोहड़ी के दिन लकडियों ढेर पर सूखे उपले रखकर लोहड़ी की अग्नि प्रज्ज्वलित की जाती है। इसके बाद आग के चारों ओर परिक्रमा की जाती है। लोहड़ी की अग्नि में तिल, मूंगफली, गेंहू और गुड़ का प्रसाद डालकर पूजा की जाती है। इस दिन जो पारंपरिक गीत गाए जाते हैं वो बहुत ही लोकप्रीय हैं। लोहड़ी का त्योहार इन लोकगीतों के बिना अधूरा मन जाता है। इन्हीं लोकगीतों में शामिल है दुल्ला भट्टी के गीत।
बाक्स-मकर संक्रांति पर बददी आएंगे क्षेत्रीय प्रचारक-
वहीं दूसरी ओर बददी मे मकर संक्राति उत्सव धूमधाम से मनाए जाने का सिलसिला शुरु हो गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बददी नगर द्वारा मंगलवार को संक्राति के अवसर पर महाराणा प्रताप नगर के बिरला सभागार में 11 बजे एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें उत्तर क्षेत्र प्रचारक जतिन कुमार वतौर मुख्य वक्ता शिरकत करेंगे और अपना उदबोधन देंगे। नगर कार्यवाह राहुल कुमार ने बताया कि संघ द्वारा वर्ष में छह उत्सवों में से एक समरस समाज को सुदृढ करने की दृष्टि से मकर संक्राति का उत्सव प्रमुख है। इस कार्यक्रम में संघ व विविध संगठनों के कार्यकर्ता भाग लेंंगे।
कैपशन-बददी के मोतिया प्लाजा में लोहडी का त्यौहार मनाते लोग।