मोहालीः पंजाबी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की सबसे बड़ी प्रोड्यूसर कंपनियों में से एक गीत MP3 के मालिक केवी ढिल्लों को आतंकी अर्श डल्ला के साथी जंटा खरड़ ने जान से मारने की धमकी दी है। इस संबंध में एक कथित ऑडियो सामने आया है। ऑडियो करीब 1.35 मिनट का है, जिसमें व्यक्ति खुद को जंटा खरड़ बता रहा है। ऑडियो में जंटा ने कहा कि सत श्री अकाल, मैं जंटा खरड़ आप सभी को बताना चाहता हूं कि मैंने ही डबरा में जसवंत सिंह गिल की हत्या करवाई थी। हमारी उससे पुरानी दुश्मनी थी, इसलिए हमने यह हत्या करवाई। अब जसवंत सिंह से हमारी दुश्मनी खत्म हो गई है। उसे उसके किए की सजा मिल गई है।
अब हमारे पास एक-दो काम बाकी हैं, जो जल्द ही पूरे हो जाएंगे। इसमें सबसे अहम काम केवी ढिल्लों का है, जो गीत MP3 का मालिक है। चाहे आप इसे गीत MP3 कहें या चीट MP3, दोनों एक ही होंगे। इस व्यक्ति ने कई लोगों को ठगा है। कई लोगों को परेशान भी किया गया। हमारे भाई पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला भी इसका शिकार हुए। जंटा ने आगे कहा कि उसके साथ घूमने वाले दो-चार गायक कहीं और काम ढूंढ लें तो बेहतर होगा। उसकी वजह से अपना कुछ नुकसान मत होने देना। तुम मुझे समझौता करने के लिए जिसे चाहो बुला रहे हो, तुम्हारे साथ कोई समझौता नहीं होगा। ऑडियो में जंटा ने कहा कि यह वही व्यक्ति है जिसने शुरुआत में सिद्धू मूसेवाला को धमकाने का काम शुरू किया था। अब वह जितना चाहे मासूम बनने का नाटक कर सकता है, जो चाहे मुखौटा पहन सकता है। वह सिद्धू मूसेवाला के घर भी गया था और वहां रोया भी था।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के 25 से ज्यादा स्टार गायक गीत MP3 के जरिए काम करते हैं। ऐसे में उन गायकों की चिंता भी बढ़ गई है। गीत MP3 के साथ ही पंजाब के गायक जस मानक, दीप जंडू, बोहेमिया, डिवाइन, हुनर सिंह संधू, वड्डा ग्रेवाल, करण रंधावा, हर्फ चीमा, जी खान, अमृत मान, कैंबी, जगजीत संधू समेत कई अन्य नाम शामिल हैं। मध्यप्रदेश के ग्वालियर के डबरा में हुए जसवंत सिंह हत्याकांड की जिम्मेदारी भी जंटा खरड़ ने ली है। जिसमें उन्होंने कहा- जसवंत सिंह से हमारी पुरानी रंजिश थी। जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिलाया। हालांकि हम उक्त ऑडियो की पुष्टि नहीं करते।
