चंडीगढ़: हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने आज गांधी जयंती के अवसर पर सोनीपत में सेक्टर-15 स्थित अपने निवास पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा के आदर्श प्रस्तुत किए। दोनों महापुरुषों का जीवन देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
इसके बाद मोहन लाल बड़ौली ने सेक्टर-14 स्थित गांधी चौक पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया। नगर निगम महापौर राजीव जैन भी उनके साथ रहे। बड़ौली ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक मिलकर सोनीपत को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।
