चंडीगढ़: केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम का जीवन साहस, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में राव तुलाराम सहित देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति को जीवंत रखना और उनकी वीरगाथा को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
केंद्रीय मंत्री बुधवार को हांसी के दिल्ली रोड टी-प्वाइंट पर यादव सभा द्वारा निर्मित राव तुलाराम चौक के लोकार्पण एवं अमर शहीद राव तुलाराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत यादव सभा द्वारा आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि देश की आजादी का इतिहास किसी एक जाति, समाज या क्षेत्र तक सीमित नहीं है। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में देश के विभिन्न क्षेत्रों और समाजों के लोगों ने मिलकर अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की वीरगाथाएं हमारी युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अनेक वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है, इसलिए उनके इतिहास और योगदान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।
हांसी के विधायक विनोद भयाना ने कहा कि अमर शहीद राव तुलाराम की वीरता, त्याग और देशभक्ति हर भारतीय के लिए प्रेरणा का विषय है। हांसी की धरती पर उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि राव तुलाराम ने विपरीत परिस्थितियों में भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष किया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।