भिवानीः हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर गाड़ी पर फायरिंग की घटना सामने आई है। पता चला कि हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था। वहीं घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। दिलेर खरकिया की गाड़ी पर एक ही फायर किया गया है, जो उसकी गाड़ी में लगा। हालांकि उस समय दिलेर खरकिया गाड़ी में नहीं थे, इसलिए वे सुरक्षित है।
गाड़ी दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी हुई थी। रात को गाड़ी पर फायर किया गया है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। फायरिंग के बाद ही सोशल मीडिया पर अनिल पंडित नाम से पोस्ट डालकर इस हमले की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में कथित तौर पर सिंगर को धमकी देते हुए कॉल का जवाब नहीं देने पर गोली मारने की बात कही गई है।
पोस्ट में लिखा कि इस फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु सोनीपत, हैरी बॉक्सर, हरमन संधू और अनिल पंडित लेते हैं। या तो हमारी कॉल का जवाब दो, नहीं तो तेरी छाती में गोली मारी जाएगी। बता दें कि दिलेर खरकिया सिंगर, एक्टर और माडल है। उनके पिता मशहूर रागनी कलाकार राजेंद्र खरकिया है। पिता से प्रेरित होकर ही 9 साल की उम्र में ही दिलेर ने रागनी कार्यक्रमों में भाग लेना शुरू कर दिया था। 2018 में हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा। लीलो चमन, मोटो, जूती काली, हाईकोर्ट, कबूतरी, आलू मटर उनके हिट गाने रहे।
भिवानी के एसपी पुलिस मयंक मिश्रा ने बताया कि रात करीब 10:30 बजे की घटना है। रात को मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक युवक आया और उसने दिलेर खरकिया के घर के बाहर खड़ी गाड़ी पर फायरिंग कर दी। सूचना मिलती ही स्थानीय पुलिस टीमें मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस की माने तो अनिल पंडित मूलरूप से पानीपत के रायर कलां गांव का है। वह 2022 में नौकरी के लिए दुबई गया था। फिर डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा अमेरिका पहुंचने के बाद उसकी मुलाकात गैंगस्टर रणदीप मलिक से हुई।
शुरुआत में दोनों ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े और बाद में संगठित अपराध नेटवर्क शुरू किया। अनिल पंडित के खिलाफ मर्डर, रंगदारी, हत्या के प्रयास जैसे 10 केस हैं। सितंबर 2026 में हरियाणा STF ने चार भगोड़े गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपए इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भेजा था। इनमें हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित शामिल हैं। अनिल पंडित के नाम से करीब एक हफ्ते पहले पानीपत में भी एक शराब कारोबारी से रंगदारी मांगी गई थी।