14 सितंबर को भी इलाके में घूमते दिखे थे किडनैपर
जालंधर, ENS: बस्ती पीरदार पन्नू विहार में बीते दिन दोपहर 1.45 बजे बिना नंबरी सफेद एक्टिवा सवार 2 नौजवान 4 वर्षीय केशव को किडनैप करके फरार हो गए। हालांकि देर रात बस स्टैंड के पास उक्त किडनैपर ही केशव को छोड़कर चले गए। हैरानी की बात यह है कि पुलिस की 10 टीमें भी आरोपियों को नहीं पकड़ पाई। यही कारण है कि पुलिस की गिरफ्त से अभी भी आरोपी दूर है। एसपी माधवी शर्मा का कहना है कि पुलिस टीम आरोपियों के काफी करीब पहुंच चुकी है। घटना के बाद सीएम हाउस तक सूचना पहुंची तो सीएम भगवंत मान के ओएसडी राजवीर घुम्मण ने प्रत्येक आधे घंटे तक जायजा लिया।
इस घटना को लेकर 4 वर्षीय केशव ने पिता की गोद में मीडिया को दास्तां सुनाई। केशव ने कहा कि उसे गुंडे उठाकर अपने घर ले गए थे। हालांकि इस दौरान उन्होंने केशव को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। जिसके बाद गुंडे उसे छोड़कर चले गए। वहीं पिता आनंद ठाकुर ने कहा कि वह काम पर गए हुए थे और उन्हें घर से बेटे की किडनैपिंग का फोन आया। पीड़ित ने कहा कि उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है और उसे किसी का भी फिरौती को लेकर कोई फोन नहीं आया। ऐसे में 6 घंटे तक बच्चे का कोई सुराग ना मिलने पर दोबारा से मीडिया को घटना की सूचना दी। इस दौरान 2 घंटे उन्हें थाने बिठाए रखा और पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसके बाद बस्ती बावा खेल थाने में एक घंटे बिठाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पुलिस आई थी।
हालांकि जांच में उसका कोई विवाद सामने नहीं आया। जिसके बाद देर रात 12.30 बजे बेटा बस स्टैंड पर अकेला बैठा मिला और पुलिस को सूचना मिलने पर वह बेटे को लेकर आई। पीड़ित ने कहा कि किडनैपर डरकर बेटे को छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित ने कहाकि कैमरे लगे होने से जल्द आरोपी पकड़े जा सकते है, लेकिन इस घटना को सुलझाने में काफी समय लग गया। वहीं पन्नू विहार शक्ति ने कहाकि देर रात उन्हें पुलिस द्वारा तस्वीर भेजी गई और बच्चे की पहचान करने के लिए कहा गया। जिसके बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की अपील की है, ताकि किसी और के परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना ना हो। इस दौरान शक्ति ने बताया कि उक्त आरोपी 14 सितंबर को भी इलाके में घूमते हुए दिखाई दिए। दरअसल, लोगों ने सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जिसमें उक्त आरोपी 14 सितंबर को घूमते देखे गए थे।