जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोपी राहुल झा (45) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सीकर के रिंगस इलाके से पकड़ा। करधनी पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश की थी। पुलिस ने आरोपी की जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा भी की थी।
हत्या के बाद खाटूश्याम जी मंदिर पहुंचा
पुलिस के अनुसार, पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने के बाद राहुल जयपुर से फरार हो गया था। वह खाटूश्याम जी मंदिर पहुंचा और वहां पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह एक होटल में जाकर रुका।
होटल में रहने के दौरान उसके पास पैसे खत्म हो गए। उसने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन होटल वाले ने अंगूठी लेने से मना कर दिया। इसके बाद राहुल होटल छोड़कर रिंगस चला गया।
रिंगस में पुलिस ने दबोचा
CST को जानकारी मिली कि राहुल रिंगस में घूम रहा है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर रुमाल बांध रखा था। पुलिस ने उसे रिंगस से गिरफ्तार कर लिया और बाद में जयपुर ले आई।
कर्ज के कारण हत्या करने की बात कही
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में राहुल ने बताया कि वह भारी कर्ज में डूबा हुआ था। पुलिस को शक है कि उसने पहले खाने में जहर मिलाकर पत्नी और तीनों बेटियों को खिलाया।
पुलिस के मुताबिक, सुबह राहुल ने पत्नी और बेटियों को देखा तो उसे लगा कि जहर देने के बावजूद वे शायद बच गई हैं। इसके बाद उसने घर के बाहर रखा करीब 10 किलो वजन का और डेढ़ फीट लंबा सीमेंट का स्लैब उठाया और बेहोशी की हालत में पत्नी और बेटियों के सिर और चेहरे पर कई बार वार किए।
खून से सने कपड़े बदलकर हुआ फरार
वारदात के बाद राहुल ने अपने खून से सने कपड़े बदले और घर से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि सुबह करीब 7 बजे उसने दूध वाले से दूध लिया था। इसके बाद उसने अपने 85 वर्षीय पिता लक्ष्मीनाथ झा के लिए चाय बनाई। राहुल ने अपने पिता से कहा कि वह बाहर जा रहा है। इसके बाद वह घर से निकल गया और फरार हो गया। पुलिस ने घर से उसके खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
घर में मिले पत्नी और तीन बेटियों के शव
पुलिस को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली थी कि एक महिला और उसकी तीन बेटियों की हत्या कर दी गई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो गीता झा (40), उनकी बेटी नंदिनी (22), राधिका (17) और गिरीश उर्फ गौरी (14) के शव खून से लथपथ हालत में मिले। गीता का शव घर की पहली मंजिल के एक कमरे में मिला, जबकि तीनों बेटियों के शव ग्राउंड फ्लोर के दो अलग-अलग कमरों में मिले।
मोबाइल घर में मिला
जांच के दौरान पुलिस को राहुल के खून से सने कपड़े घर से मिले। उसका मोबाइल फोन भी घर में ही पड़ा था और स्विच ऑफ था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या की पूरी वजह और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद इस मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।