फगवाड़ाः शहर में चोरी और लूट की घटनाओं से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। इसी बीच बंगा रोड स्थित गुरु रविदास नगर में एक महिला से सोने की बालियां झपटने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
पीड़िता आशा रानी, जो पूर्व पंचायत सदस्य कीर्तन की पत्नी हैं, ने बताया कि वह किराने की दुकान के बाहर बैठी हुई थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पीछे से उनके पास पहुंचे।
महिला के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार दोनों लुटेरों ने अचानक उनके कान से सोने की बालियां झपट लीं। इसके बाद आरोपी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को दी शिकायत
घटना के बाद पीड़िता ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस स्टेशन को दे दी है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई है।