एबट्सफोर्डः कनाडा के एबॉट्सफोर्ड शहर में देर रात मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता एमी विर्क की गाड़ी पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। घटना के वक्त एमी विर्क एबॉट्सफोर्ड के रोजर फोर्न में अपना एक म्यूजिकल शो खत्म करने के बाद बाहर निकल रहे थे। राहत की बात यह रही कि एमी विर्क समेत कार में सवार चारों लोग इस जानलेवा हमले में पूरी तरह सुरक्षित हैं। शुरुआत में सिर्फ एक लग्जरी गाड़ी पर फायरिंग की बात सामने आई थी, लेकिन शो के आयोजकों और पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने अब पुष्टि कर दी है कि उस समय गाड़ी में एमी विर्क खुद मौजूद थे। एबॉट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड और साउथ फ्रेजर वे के पास देर रात करीब 11 बजे हमलावरों ने उनकी लग्जरी रोल्स रॉयस कलिनन गाड़ी को घेरकर निशाना बनाया।
हमलावरों की ओर से करीब 7 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं। गोलियों का मुख्य असर गाड़ी के पिछले शीशे और बॉडी पर हुआ। लेकिन दुनिया की सबसे सुरक्षित और महंगी गाड़ियों में शुमार रोल्स रॉयस कलिनन की मजबूत बिल्ड क्वालिटी के कारण गोलियां कार के भीतर प्रवेश नहीं कर सकीं। गाड़ी में 7 गोलियों के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। यदि कार कोई सामान्य व्हीकल होती तो अंजाम बेहद खौफनाक हो सकता था।
वारदात की जांच कर रही स्थानीय पुलिस को शुरुआती छानबीन में एक अहम सुराग मिला है। घटना के वक्त कार में एमी विर्क के अलावा सरे (Surrey) का एक ऐसा शख्स भी मौजूद था, जिसकी पुरानी रंजिशें रही हैं और उस पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके हैं। पुलिस अब इस पहलू पर काम कर रही है कि हमले का असली निशाना एमी विर्क थे या कार में बैठा वह अन्य व्यक्ति। हालांकि, कनाडाई पुलिस ने निजता के नियमों का हवाला देते हुए मुख्य टारगेट के नाम का खुलासा करने से मना कर दिया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए और घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर सनी साइड प्लेस के पास अपनी संदिग्ध एसयूवी कार को आग लगाकर फूंक दिया। कनाडा में आमतौर पर इस तरह गाड़ियां जलाकर सबूत मिटाने का तरीका पेशेवर गैंगस्टर्स या टारगेट किलिंग के मामलों में ही अपनाया जाता है। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही विदेशों में शो करने वाले पंजाबी सिंगर्स और कलाकारों के परिजन बेहद सहमे हुए हैं। इस नई घटना ने एक बार फिर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके इंटरनेशनल दौरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।