चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के पावन अवसर पर पाकिस्तान में 22 नवंबर, 2026 से 1 दिसंबर, 2026 तक आयोजित होने वाले धार्मिक समारोहों में भाग लेने के लिए सिख संगत से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि गृह विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा इस प्रस्तावित सिख जत्थे में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालुओं से आवेदन मांगे गए हैं।
इच्छुक सिख श्रद्धालु अपने आवेदन 12 सितंबर, 2026 तक या उससे पहले हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, कुरुक्षेत्र के पास जमा करवा सकते हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुलिस सत्यापन और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। प्रवक्ता ने आग्रह किया है कि सभी आवेदक निर्धारित समय के भीतर अपने पूर्ण विवरण के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करके ही आवेदन जमा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधूरे आवेदनों या निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर किसी भी परिस्थिति में विचार नहीं किया जाएगा। समय सीमा के भीतर प्राप्त सभी आवेदनों को लागू नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए संसाधित किया जाएगा।