जालंधरः महानगर से एक CIA स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी लेने वाले व्यक्ति को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। इस मामले संबंधी जानकारी देते हुए वेस्ट के ACP अतिश भाटिया ने बताया कि भार्गो कैंप पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग खुद को CIA स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही भार्गो कैंप पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से कार्रवाई करते हुए मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
आरोपी की ये हुई पहचान
शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति की पहचान बस्ती गुंजा निवासी करण कुंद्रा के रूप में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि करण कुंद्रा के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
झूठी पहचान बताकर घर में घुसने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को CIA स्टाफ का कर्मचारी बताकर एक घर की तलाशी लेने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति खुद को पुलिस या किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी बताकर संदिग्ध तरीके से घर में दाखिल होने या तलाशी लेने की कोशिश करता है, तो उस पर भरोसा न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।