ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना बंगाणा के तहत नलूट गांव में आपसी विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज किए हैं।
पहले पक्ष की शिकायत:
नलूट निवासी टेक चंद ने आरोप लगाया कि चार सितंबर की सुबह वह अपने मकान के पीछे साफ-सफाई करने के बाद रास्ते से वापस जा रहा था। इसी दौरान सुशील कुमार, रीना देवी और रक्षा देवी ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने उसके साथ गाली-गलौज कर डराया-धमकाया और डंडे से मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं।
दूसरे पक्ष की शिकायत:
वहीं, रीना देवी ने आरोप लगाया कि चार सितंबर की सुबह उनका पड़ोसी टेक चंद उनकी दीवार की पाइप में लगे सरिए को लोहे की रॉड से तोड़ रहा था। जब उन्होंने उसे ऐसा करने से रोका तो टेक चंद ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रीना देवी के अनुसार, झगड़े की आवाज सुनकर जब उनका भाई सुशील कुमार मौके पर पहुंचा तो टेक चंद ने उसके साथ भी हाथापाई की।
दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज करने के बाद बंगाणा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।