ऊना,सुशील पंडित: गगरेट क्षेत्र के कलोह में रास्ता रोककर एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने अपने ही बड़े भाई पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
चतेहड़ निवासी दीन मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन सितंबर की शाम वह अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसके बड़े भाई रहमत अली ने कथित तौर पर उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि रहमत अली ने उसके साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडे से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकियां दीं।
पुलिस थाना गगरेट में शिकायत के आधार पर आरोपित रहमत अली के खिलाफ बीएनएस की प्रासंगिक धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।