पठानकोटः जिले के शाहपुरकंडी में 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर अपनी मांगों के हक में प्रदर्शन कर रहे बुजुर्ग पिछले 10 दिन से खुले आसमान के नीचे दिन-रात गुजार रहे हैं। बीते 2 दिन से हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद दोनों बुजुर्ग टावर पर डटे रहे। जिनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है।
बता दें, 25 अगस्त सुबह 10 बजे से टावर पर चढ़े दोनों बुजुर्गों 85 वर्षीय शरम सिंह और 81 वर्षीय कुलविंदर सिंह का कहना है कि भले ही इन 10 दिनों में लगातार मौसम से लड़ते हुए उनकी तबीयत बिगड़ रही है, लेकिन वे इस बार परिवारिक सदस्य के नियुक्ति पत्र और गैरकानूनी तरीके से नौकरी हासिल करने वाले 32 लोगों के टर्मिनेशन लैटर लिए बिना नीचे नहीं उतरेंगे।
2 दिन से भारी बारिश के बावजूद नहीं उतरे
बता दें, पठानकोट में पिछले 2 दिन में भारी बारिश हुई है। लेकिन, बुजूर्ग टावर पर डटे हैं। बैराज औस्ती संघर्ष कमेटी के प्रधान दयाल सिंह का कहना है कि 200 फीट ऊपर बारिश के साथ तेज हवाओं के थपेड़े किसी भी व्यक्ति का हौसला पस्त कर सकते हैं। लेकिन, बुजूर्ग अपनी जिद पर अड़े हैं। बुजूर्गों का कहना है कि वे किसी प्रशासनिक अधिकारी से सिर्फ बैठक के आश्वासन पर नीचे नहीं उतरेंगे।
सिंह ने कहा कि भले ही बुजूर्गों को दिन में 2 बार खाना पहुंचाया जा रहा है, पीने के लिए पानी मुहैया करवाया जा रहा है। लेकिन, उसके बावजूद उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है। 10 दिन से खुले आसमान में रहने के कारण उनका शरीर जवाब दे रहा है। दयाल सिंह ने बताया कि बार-बार बैराज औस्ती संघर्ष कमेटी की ओर से दोनों को नीचे उतरने की अपील की जा रही है। लेकिन, दोनों में से कोई भी नीचे उतरने के लिए नहीं मान रहा।