जालंधर, ENS: थाना बस्ती बावा खेल के एसएचओ पर पुलिस कमिशनर सतिंदर सिंह ने एक्शन लिया है। पुलिस कमिशनर द्वारा थाना प्रभारी जयइंद्र को लाइन हाजिर कर दिया गया है। ऐसे में अब उनकी जगह सब इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह को कामकाज सौंपा गया है। सूत्रों के अनुसार नशा तस्करों और गैंगस्टरों के साथ लिंक होने के मामले में कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा की ओर से की गई जांच के बाद हुई है। जांच के दौरान एसएचओ के मोबाइल फोन की जांच में कुछ संदिग्ध लोगों के साथ बातचीत सामने आने की बात कही जा रही है। मामले में अलग रिपोर्ट तैयार कर उच्च पुलिस अधिकारियों को भेजी जा रही है। एडीसीपी माधवी शर्मा ने पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान इंस्पेक्टर जय इंद्र सिंह के मोबाइल फोन को चेक किया गया।
इसमें कुछ ऐसे लोगों के साथ बातचीत सामने आई, जिनकी गतिविधियां पुलिस की नजर में संदिग्ध बताई जा रही हैं। बातचीत की प्रकृति और संबंधित लोगों के साथ इंस्पेक्टर के संपर्क को लेकर अब आगे की जांच की जा रही है। एडीसीपी माधवी शर्मा ने स्पष्ट किया कि अपराधियों का साथ देना या उनके साथ किसी तरह का समझौता करना पुलिस विभाग में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध और नशे को खत्म करने के लिए पुलिस को नियमों के अनुसार सख्ती से काम करना होगा। उन्होंने कहा अगर किसी भी मुलाजिम के लिंक ड्रग, शराब या किसी भी तरह के नशा तस्कर से निकलते हैं तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब सामने आई बातचीत और संबंधित संदिग्ध लोगों के साथ एसएचओ के संपर्क की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। बता दें कि पारस एस्टेट में चर्चित केस 13 वर्षीय बच्ची की मौत मामले में भी पुलिस अधिकारी जय इंद्र की कार्रगुजारी को लेकर सवाल खड़े हुए थे। हालांकि उस दौरान ने पुलिस कुछ कर्मियों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड किया था। लेकिन अब फिर से थाना प्रभारी जय इंद्र चर्चा में आ गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस कमिशनर खुद मामले की जांच कर रहे है।