अमृतसरः शिरोमणि सुखबीर बादल पर खडूर साहिब सीट से निर्दलीय सांसद अमृतपाल सिंह की माता बलविंदर कौर ने जमकर निशाने साधे। दरअसल, सुखबीर बादल ने कहा था कि ‘वारिस पंजाब दे’ बंदी सिखों की रिहाई के लिए नहीं, बल्कि अमृतपाल को जेल से बाहर लाने के लिए मिन्नतें कर रहा है। जिन बंदी सिखों को 20-20 साल हो चुके हैं, उनके लिए तब क्यों नहीं आवाज उठाई गई, जब अमृतपाल का परिवार कांग्रेस से जुड़ा था। वहीं सुखबीर सिंह बादल की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए बलविंदर कौर ने कहा कि जो लोग 25 साल तक पंथक बनकर सत्ता में रहे, उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया यह जनता अच्छी तरह जानती है।
बलविंदर कौर ने गुरु ग्रंथ साहिब के 328 लापता स्वरूपों का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि जिन लोगों के कार्यकाल में यह मामला सामने आया, वे किस आधार पर खुद को पंथक कहते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब नेताओं को अच्छी तरह पहचान चुकी है। बलविंदर कौर ने अमृतपाल सिंह पर नशे को लेकर की गई टिप्पणियों के जवाब में कहा कि इसका फैसला संगत करेगी। जिन लोगों का नशा छुड़वाया गया है, उन्हें सामने लाकर इस मुद्दे पर जवाब दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता ने 2022 में भी जवाब दिया था और 2027 में भी जनता ही जवाब देगी।
बलविंदर कौर ने आरोप लगाया कि पिछले 25 से 30 वर्षों में पंजाब को पीछे धकेला गया है। अगर कोई पंजाब को बचाने और उसके लिए आगे आने की कोशिश कर रहा है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जा रहा। अमृतपाल सिंह के जीवन में आए बदलाव का जिक्र करते हुए बलविंदर कौर ने कहा कि सच्चे गुरु की कृपा से किसी भी व्यक्ति के जीवन में कभी भी बदलाव आ सकता है। आज कोई मोना है तो कल वह सरदार बन सकता है। इसलिए किसी व्यक्ति के पुराने जीवन के आधार पर उसके वर्तमान का आकलन नहीं करना चाहिए।
आने वाली राजनीतिक कॉन्फ्रेंस को लेकर उन्होंने कहा कि सभी पार्टियां अपने-अपने कार्यक्रम कर रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनकी कॉन्फ्रेंस में संगत का भरपूर सहयोग मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी चढ़दी कला में है। संगत का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में वह नेताओं को उनके काम का जवाब देगी।