चंडीगढ़: हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने राज्य में मौसमी इन्फ्लुएंजा (फ्लू) की स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताते हुए नागरिकों से इससे न घबराने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग राज्य भर में कड़ी निगरानी रख रहा है और सभी सरकारी व निजी अस्पतालों को समय पर जांच और इलाज के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों को आम मौसमी फ्लू और ‘स्वाइन फ्लू’ (H1N1) के बीच का अंतर समझाते हुए स्पष्ट किया कि H1N1 अब मौसमी इन्फ्लुएंजा का ही एक हिस्सा है, जिसे नियमित स्वास्थ्य निगरानी प्रणाली के तहत ट्रैक और इलाज किया जाता है। वर्ष 2009 के दौरान इस वायरस के मूल स्रोत के कारण इसे ‘स्वाइन फ्लू’ कहा गया था, लेकिन अब यह इंसानों के बीच फैलने वाले सामान्य वायरस का ही रूप ले चुका है, इसलिए इस नाम से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
इन्फ्लुएंजा के लक्षणों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह सांस से जुड़ा एक तीव्र संक्रमण है, जिसमें बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, शरीर और सिर में दर्द, ठंड लगना तथा थकान जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। कुछ मामलों में, विशेषकर बच्चों में, उल्टी और दस्त जैसी पेट की समस्याएं भी हो सकती हैं। यद्यपि अधिकांश मामलों में यह संक्रमण अपने आप ठीक हो जाता है, फिर भी उच्च जोखिम वाले समूहों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, 5 वर्ष से छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मधुमेह, उच्च रक्तचाप, सांस या दिल की बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अधिक सावधान रहने की सलाह दी है। सांस लेने में तकलीफ, छाती में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या हालत बिगड़ने पर बिना किसी देरी के डॉक्टरी सलाह लेने का आग्रह किया गया है।
रोकथाम के उपायों पर जोर देते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि नागरिक बुनियादी सावधानियां अपनाकर इस संक्रमण से सुरक्षित रह सकते हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क पहनने, साबुन और पानी या सैनिटाइज़र से बार-बार हाथ धोने, आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने तथा खांसते या छींकते समय मुंह को रुमाल या टिश्यू से ढकने की सलाह दी है।