चंडीगढ़: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, जो कर्मचारियों के मामलों के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के अध्यक्ष भी हैं, ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को ठेका आधारित मल्टीपर्पज हेल्थ वर्करों को प्रति टीकाकरण सत्र 525 रुपये का विशेष प्रोत्साहन भत्ता देना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह प्रोत्साहन भत्ता एक महीने में अधिकतम चार टीकाकरण सत्रों के लिए दिया जाएगा।

कर्मचारियों के मामलों के समाधान के लिए कैबिनेट सब-कमेटी की लगातार बैठकों की अध्यक्षता करते हुए वित्त मंत्री ने संबंधित विभागों को विभिन्न कर्मचारी यूनियनों की जायज मांगों, सेवाओं को नियमित करने तथा कल्याण से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।कॉन्ट्रैक्ट मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस फैसले से इन कर्मचारियों की मासिक आय में सीधे तौर पर 2,100 रुपये तक की वृद्धि होगी। उन्होंने विभाग को सेवाओं को नियमित करने संबंधी यूनियन के मामले को समीक्षा के लिए संबंधित समिति के पास भेजने के भी निर्देश दिए।
यूनियन के प्रतिनिधियों ने प्रोत्साहन भत्ते के साथ-साथ वर्दी भत्ता और टूर भत्ता शुरू करने के लिए वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वन कर्मचारी यूनियन और पंजाब प्रदेश पल्लेदार यूनियन के साथ भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने वन विभाग को कार्मिक विभाग के साथ सक्रिय तालमेल करते हुए वन कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द से जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को पल्लेदार यूनियन द्वारा उठाए गए सभी जायज मुद्दों का उचित समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वेतन में समय पर वृद्धि तथा कार्यस्थल पर होने वाली दुर्घटनाओं या जानमाल के नुकसान की स्थिति में उचित मुआवजे और सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों की भी मांग की। वित्त मंत्री चीमा ने उनकी चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए यूनियन प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी मांगों की सहानुभूतिपूर्वक समीक्षा कर रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।