लुधियानाः चीमा चौक के पास घोड़ा कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आई। जहां चोर पड़ोसियों की दीवार फांदकर दफ्तर में दाखिल हुआ और चोर द्वारा ताले तोड़कर तिजौरी से नगदी चुराई गई। पीड़ित अमन सतकार ने बताया कि एक चोर ने घटना को अंजाम दिया। चोर ने सबसे पहले तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलकर उन्हें बंद कर दिया। जिसके बाद दफ्तर में लाख से सवा लाख रुपए चुरा लिए। वहीं बाबा जी गोलक साथ ले गया। गोलक में 10 से 12 हजार रुपए मौजूद था। हालांकि, एसी के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया। इस कैमरे में चोर की करीब एक घंटे तक की पूरी गतिविधि कैद हो गई।
अमन ने बताया कि वह रोजाना की तरह रविवार रात दफ्तर बंद कर घर चले गए थे। सावन का महीना होने के कारण सुबह करीब 6 बजे लंगर लगाने के लिए दफ्तर पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था। सभी लॉकरों के ताले टूटे हुए थे। लॉकरों में रखी फाइलों को भी खंगाला गया था। जांच करने पर तिजोरी से करीब सवा लाख रुपए गायब मिले। अमन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि चोर रात के समय दफ्तर में दाखिल हुआ था। करीब एक घंटे तक अंदर रहा। इस दौरान उसने दफ्तर के एक-एक दरवाजे के ताले तोड़े और फाइलों को खंगाला। इसके बाद हथौड़े की मदद से तिजोरी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली।
चोर ने दफ्तर में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदलकर उन्हें बंद कर दिया, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि, एसी के पीछे लगा हिडन कैमरा उसकी नजर से बच गया। इसी कैमरे में चोर के दफ्तर में दाखिल होने से लेकर चोरी कर फरार होने तक की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। अमन ने बताया कि इससे पहले भी दफ्तर के बाहर उनके ड्राइवरों के कई मोबाइल फोन चोरी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि रात के समय ट्रांसपोर्ट इलाके में आपराधिक प्रवृत्ति के लोग घूमते रहते हैं, जिससे दफ्तरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। मौजूदा हालात में कारोबार करना भी मुश्किल हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया गया। थाना मोती नगर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हिडन कैमरे में कैद फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।

