नई दिल्लीः कल्याणपुरी इलाके में दिल्ली नगर निगम के एक सफाई कर्मी की ड्यूटी के दौरान चाकू मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। ये वारदात घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हत्या के बाद आरोपी चाकू लहराता हुआ पैदल ही वहां से फरार हो गया। दिनदहाड़े हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित परिवार और स्थानीय नेता आरोपी के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सफाई कर्मचारी पर चाकू से किए ताबड़/तोड़ वा/र; मौ/त#CCTVFootage #CrimeNews #Attack pic.twitter.com/vUU1qcPDig
— Encounter Newspaper (@encounter_md) August 16, 2026
मृतक की पहचान एमसीडी के सफाई कर्मचारी (27) अनिल कुमार के तौर पर हुई। अनिल कल्याणपुरी में अपनी ड्यूटी कर रहा था, तभी एक व्यक्ति ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान अनिल की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या की वजह अब तक पता नहीं चल सकी है।
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि आरोपी कैसे अनिल को पहले थप्पड़ मारता है, फिर लात और चाकू से हमला करता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और हमलावर का पता लगाने के लिए फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

