ऊना,सुशील पंडित: पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत बसाल क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ कथित जातिसूचक टिप्पणी और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि योग राज निवासी गांव नारी, तहसील एवं जिला ऊना, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) में ठेकेदार है, ने 12 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे बसाल में उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपित ने उसे जातिसूचक शब्दों से संबोधित किया, मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं।
पुलिस थाना सदर ऊना ने शिकायत के आधार पर योग राज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC&ST) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
