तीन दिवसीय कार्यक्रम में बिजनेस प्लान, डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और वित्तीय प्रबंधन की दी गई विस्तृत जानकारी
ऊना,सुशील पंडित: जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), ऊना के सहयोग से एनआईटीकॉन लिमिटेड द्वारा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर टेक्नोलॉजी (आईआईसीटी), ऊना में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 12 से 14 अगस्त तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के सदस्यों के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के इच्छुक युवाओं और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को व्यवसाय स्थापना से लेकर उसके सफल संचालन तक की व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान बाजार की मांग का आकलन, प्रभावी बिजनेस प्लान तैयार करना, वित्तीय प्रबंधन, उत्पाद की ब्रांडिंग, विपणन रणनीतियां तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रियाओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
प्रतिभागियों को डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने और ऑनलाइन माध्यमों से कारोबार का विस्तार करने के आधुनिक तरीकों से भी अवगत कराया गया। खाद्य उत्पादों से जुड़े उद्यमों के लिए FSSAI अनुपालन, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), जीएसटी पंजीकरण तथा अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं की जानकारी भी विशेषज्ञों द्वारा साझा की गई।
प्रशिक्षण में परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, बैंकिंग संस्थानों से ऋण एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया को सरल और व्यावहारिक ढंग से समझाया गया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि उत्पाद की गुणवत्ता, प्रभावी ब्रांडिंग, बाजार की सही समझ और मजबूत वित्तीय प्रबंधन किसी भी उद्यम की दीर्घकालिक सफलता के प्रमुख आधार हैं। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम एफपीओ सदस्यों और उभरते उद्यमियों को व्यवहारिक ज्ञान एवं आवश्यक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर, प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ उद्यम स्थापित करने के लिए तैयार करते हैं।इस अवसर पर संस्थान प्रभारी देवेंद्र महाजन एवं कार्यकारी प्रभारी बिंदु महाजन भी उपस्थित रहे।