गुरुग्रामः हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की गुरुग्राम सेंट्रल यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई जिलों में आतंक का पर्याय बने कुख्यात बावरिया गैंग के एक खूंखार डकैत को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धारा सिंह के रूप में हुई है। उस पर दोनों राज्यों को मिलाकर कुल एक लाख पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। एसटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी धारा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रायपुर वांगर गांव का निवासी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। पिछले कुछ समय से वह अपनी पहचान छिपाकर हरियाणा के भिवानी जिले के जुई गांव में रह रहा था।
धारा बावरिया पर उत्तर प्रदेश और हरियाणा में डकैती, लूटपाट, चोरी और अवैध हथियारों के बल पर आतंक फैलाने के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपए का भारी-भरकम इनाम घोषित कर रखा था। इसके साथ ही हरियाणा पुलिस ने भी उस पर पांच हजार रुपए का इनाम रखा था।
एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि धारा बावरिया बेहद खतरनाक और पेशेवर अपराधी है। वह अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर वारदात करता था। यह गैंग रात के समय हथियारों से लैस होकर सीधे लोगों के घरों में घुस जाता था। इसके बाद परिवार के लोगों को बंधक बनाकर या डरा-धमकाकर सोने-चांदी के गहने और नकदी लूट लेता था। इस गिरोह के दो अन्य डकैत पहले ही उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं।
बीती रात एसटीएफ की विशेष टीम ने भिवानी में छापेमारी कर धारा को चारों तरफ से घेर लिया और उसे भागने का कोई मौका नहीं दिया। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ की टीम ने शुरुआती पूछताछ की। इसके बाद आरोपी धारा को आगे की कानूनी कार्रवाई और अदालती प्रक्रिया के लिए पलवल जिले के थाना हथीन पुलिस को सौंप दिया है।