नई दिल्लीः स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली को दहलाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को एक अज्ञात ई-मेल से हाईकोर्ट, लाल किला, मेट्रो और ट्रेनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा बलों में हड़कंप मच गया। पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धमकी भरे ई-मेल में खालिस्तान और सिख विरोधी दंगों का जिक्र किया गया है।
सुबह धमकी भरा ई-मेल रजिस्ट्रार जनरल को मिला। ई-मेल में 15 अगस्त की दोपहर 2:11 बजे भी दिल्ली हाईकोर्ट और दोपहर 3:11 बजे जिला अदालतों में बम विस्फोट के दावे शामिल थे। ई-मेल में लाल किले, दिल्ली मेट्रो और अंबाला से आने वाली ट्रेनों को भी धमकी दी गई थी, साथ ही खालिस्तान और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया था।
दिल्ली हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (डीएचसीबीए) के संयुक्त सचिव कुणाल मल्होत्रा ने कहा कि धमकी फर्जी प्रतीत होती है। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। 15 अगस्त के मद्देनजर दिल्ली और देश के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।