बटालाः ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक सड़क हादसे ने बटाला के अर्बन एस्टेट में रहने वाले एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस हादसे में (36) के स्नेह पाल सिंह की मौत हो गई। स्नेह पाल अपने माता-पिता के इकलौते बेटा था और करीब 11 साल पहले बेहतर भविष्य की तलाश में ऑस्ट्रेलिया गया था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक स्नेह पाल सिंह की कार सड़क किनारे खड़ी थी। तभी पीछे से आ रही एक अज्ञात गाड़ी ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि स्नेह पाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बटाला में परिवार को जैसे ही बेटे की मौत की खबर मिली, घर में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार वालों का कहना है कि उन्हें अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि जिस बेटे को उन्होंने बेहतर भविष्य के लिए विदेश भेजा था, वह अब इस दुनिया में नहीं रहा। स्नेह पाल की मौत की खबर मिलने के बाद रिश्तेदार और परिचित परिवार के साथ दुख बांटने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
वहीं गुरदासपुर के सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा और कांग्रेस नेता अमनदीप जैंतीपुर ने घसिटपुर में मृतक के ससुर सुखदेव सिंह से मुलाकात की और परिवार के साथ दुख साझा किया। परिवार ने सरकार और प्रशासन से अपील की है कि स्नेह पाल सिंह के शव को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए, ताकि परिवार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर सके।