कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी-तलवंडी चौधरिया मार्ग पर गांव सवाल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां देर रात निजी स्कूल के बाहर भीषण हादसे ने 2 परिवारों की खुशियां छीन लीं। दरअसल, महिंद्रा XUV500 (नंबर PB10DT2835) के भयानक हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार कार सुल्तानपुर लोधी से तलवंडी चौधरिया की ओर जा रही थी। बताया जा रहा हैकि गांव सवाल के पास पहुंचने पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार पहले सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार निजी स्कूल की लोहे की ग्रिल से जोरदार टक्कर मारती हुई आगे एक और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और टायर, शीशे व अन्य पुर्जे काफी दूर तक बिखर गए। हादसे में राहुल गिल पुत्र सतपाल निवासी गांव बिधीपुर, सुल्तानपुर लोधी की मौत हो गई। उसके शव को करीब रात 1 बजे स्थानीय पुलिस द्वारा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
इससे पहले रात करीब 12 बजे हादसे में घायल लब्बी पुत्र सोनू राम निवासी गांव तलवंडी बूटियां, जिला जालंधर (उम्र 17 साल) और अंजना रानी पत्नी राहुल गिल निवासी गांव शंकर, जिला जालंधर (उम्र 23 साल) को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी लाया गया था। डॉक्टरों ने लब्बी का इलाज शुरू किया, लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उधर, अंजना रानी की हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे उच्च अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे वाली जगह का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के असल कारणों की पड़ताल की जा रही है।