महाराष्ट्रः दवा की दुकान खोलने के एवज में एक व्यक्ति से 70,000 रुपए रिश्वत मांगने के आरोप में महाराष्ट्र के ठाणे जिले में भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के एक निरीक्षक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। व्यक्ति ने दवा की दुकान खोलने के लिए लाइसेंस के लिए एफडीए के पास आवेदन किया था। नवी मुंबई एसीबी के पुलिस निरीक्षक संतोष पाटिल ने बताया कि एफडीए के एक औषधि निरीक्षक ने आवेदक से लाइसेंस शुल्क के अलावा कथित तौर पर एक लाख रुपए की मांग की। हालांकि, बाद में उसने रिश्वत की रकम घटाकर 70,000 रुपए कर दी।
आवेदक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया और सोमवार रात कल्याण शहर में किराने की एक दुकान के पास 50 वर्षीय एक व्यक्ति को शिकायतकर्ता से 70,000 रुपए लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों ने बाद में आरोपी के साथ मौजूद औषधि निरीक्षक को भी पकड़ लिया।