प्रतापगढ़ः मामूली कहासुनी में ईंट-भट्टा मालिक का मर्डर कर दिया गया। बदमाशों ने पहले बिजनेसमैन को घर के बाहर बुलाया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इधर, गुस्साए परिजनों ने आरोपी के ढाबे और शराब की दुकान में आग लगा दी। पुलिस की गाड़ियों पर भी पथराव किया और प्रतापगढ़-रतलाम हाईवे जाम कर दिया। मामला प्रतापगढ़ के खेरोट गांव में सोमवार देर शाम का है। गांव में अब भी तनाव की स्थिति है और मौके पर 200 से ज्यादा पुलिसवाले तैनात हैं।
DSP हेरंभ जोशी ने बताया कि कोतवाली थाना इलाके के खेरोट गांव में ढाबा और ईंट भट्टा पास-पास हैं। ढाबा मालिक जयसिंह लबाना और ईंट भट्टा मालिक घनश्याम प्रजापत (38) पुत्र बंशीलाल प्रजापत के बीच धूल उड़ने की बात पर कुछ दिन पहले कहासुनी हुई थी।
सोमवार शाम 6 बजे इसी बात पर दोबारा कहासुनी हो गई। घनश्याम ने ढाबे के एक कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। रात 8 बजे जयसिंह समेत 6 लोग दो बाइकों पर घनश्याम प्रजापत के घर पहुंचे। उन्होंने पहले घनश्याम से मारपीट की, इसके बाद जयसिंह ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी फरार हो गए।
करीब चार घंटे बाद रात करीब 2 बजे मंत्री हेमंत मीणा व पुलिस की समझाइश के बाद जाम खोल गया। रातभर से मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गईं हैं।