पटना : मनेर में बड़ा हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां महावीर टोला में गंगा नदी घाट पर रविवार को सब्जी से भरी एक नाव पलट गई। नाव पर 12 लोग सवार थे। 10 लोगों ने किसी तरह तैर कर अपनी जान बचाई, लेकिन 2 लोग अभी तक लापता हैं। मौके पर एसडीआरएफ की टीम गायब दो लोगों को खोजने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मनेर स्थित महावीर टोला में गंगा नदी घाट पर सब्जी बेचने वाले लोग नाव पर सवार होकर दियारा से आ रहे थे। इसी क्रम में नाव डूब गई। जिसके बाद वहां काफी चीख पुकार मच गई। किसी तरह कुछ लोगों ने तैर कर अपनी जिंदगी बचा ली, जबकि 2 लोग नदी में डूब गए। मिली जानकारी के मुताबिक घाट से 20 मीटर पहले यह दुर्घटना हुई तकरीबन एक दर्जन लोग नाव पर सवार थे।
एसडीआरएफ की टीम लापता 2 लोगों को खोजने में लगी हुई है। प्रशासन की जानकारी के मुताबिक 10 लोग तैरकर बाहर निकल गए। इस हादसे में पटना के नागा टोला वार्ड नंबर 4 के रहने वाले बिजेन्द्र कुमार राय और रणवीर कुमार लापता बताए जा रहे है। दोनों को एसडीआरएफ नदी में ढूंढ रही है।