नई दिल्लीः मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल की आज राजनीतिक पारी की शुरुआत हुई। अनुराधा आज भाजपा में शामिल हो गईं। वो ऐसे समय में भाजपा में शामिल हुईं, जब कुछ ही देर में चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव की घोषणा कर सकता है। चुनाव आयोग आज आम चुनावों की तारीखों के साथ कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव की भी घोषणा कर सकता है। जानकार बताते हैं कि पार्टी उन्होंने चुनावों के लिए बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। वे पार्टी की स्टार चुनाव प्रचार हो सकती हैं।
अनुराधा पौडवाल हिंदी सिनेमा की चर्चित गायिका हैं। फिल्मी दुनिया के बाद अब भजन गायिकी की दुनिया में उनका डंका बज रहा है। 27 अक्टूबर, 1954 को मुंबई में जन्मीं अनुराधा ने अपने गायन करियर की शुरूआत 1973 में आई अमिताभ बच्चन और जया प्रदा की फिल्म ‘अभिमान’ से की थी। ‘आशिकी’, ‘ दिल है कि मानता नहीं’ और ‘बेटा’ फिल्म के लिए अनुराधा पौडवाल को फिल्मफेयर अवार्ड से सम्मानित किया गया। 5 दशकों से अधिक के करियर में अनुराधा पौडवाल ने गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मराठी, संस्कृत, बंगाली, तमिल, तेलुगु, उड़िया, असमिया, पंजाबी, भोजपुरी, नेपाली और मैथिली सहित कई भाषाओं में 9,000 से अधिक गाने और 1,500 से अधिक भजन रिकॉर्ड किए हैं।