नई दिल्लीः न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी को लेकर कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों के लिए पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश के किसानों ने राष्ट्रव्यापी विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की जवानों के साथ झड़प भी हुई। जिसमें कई घायल भी हुए। सड़कों पर प्रदर्शनकारियों के आंदोलन के चलते आम लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। आज आंदोलन का दूसरा दिन है। आज फिर जवान सीमाओं पर कड़े पहरों के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ खड़े हैं।
वहीं किसानों ने भी दिल्ली कूच करने की पूरी तैयारी कर ली है। वहीं दूसरी ओर टिकरी बॉर्डर पर दिल्ली की तरफ भी दिल्ली पुलिस की ओर से कंक्रीट की दीवार बनाई गई है। आधी रात से ही करीब 40 कामगारों ने यहां पर कंक्रीट भरकर दीवार बनाने का काम किया। पुलिस की ओर से किसानों को किसी भी सूरत में दिल्ली में एंट्री नहीं करने दी जाएगी। इसके लिए सीमेंट और कंक्रीट से 5-7 फीट ऊंची 100 फ़ीट से ज्यादा लंबी दीवार बनाई जा रही है।