रांची: झारखंड में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने एक समाज को अलग और नया संदेश दिया है। जी हां, यहां एक पति व ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग बेटी को उसके माता-पिता ढोल-नगाड़ों व आतिशबाजी के साथ मायके वापस ले आए। मामला झारखंड की राजधानी रांची का है। रांची निवासी प्रेम गुप्ता ने करीब डेढ़ साल पहले अपनी पुत्री साक्षी गुप्ता का विवाह काफी धूमधाम के साथ किया था, लेकिन शादी के बाद से ही उसका पति व ससुराल के अन्य सदस्य साक्षी को प्रताड़ित कर रहे थे। जब इसकी जानकारी परिजनों को मिली तो उन्होंने बेटी को वहां से निकालने का फैसला किया। जानकारी के मुताबिक साक्षी का विवाह पिछले वर्ष 28 अप्रैल को सचिन कुमार नाम के युवक से हुआ था।रांची के सर्वेश्वरी नगर का रहने वाला सचिन झारखंड बिजली वितरण निगम में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत है।

शादी के कुछ दिन बाद से ही वह साक्षी को प्रताड़ित करने लगा। करीब एक साल बाद साक्षी को पता चला कि सचिन ने पहले से दो शादियां कर रखी हैं। यह जानकर उसके पांवों के नीचे से जमीन खिसक गई।ससुराल की प्रताड़ना और पति के पहले से शादीशुदा होने का पता चलने पर साक्षी ससुराल में घुट-घुटकर जी रही थी। यह देखकर उसके पिता ने बेटी को वापस अपने घर लाने के लिए बैंड-बाजा और आतिशबाजी के साथ बारात निकाली। इतना ही नहीं, उन्होंने नवरात्र के समय समाज को एक संदेश देने की भी कोशिश की है। जिसने भी यह नजारा देखा वो देखता ही रह गया। बेटी के इस अनोखी विदाई की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।