लुधियानाः पंजाब के कई जिलों में अगस्त में भी मानसून सक्रिय हैं। यहां पिछले दस दिनों से रुक-रुक कर कहीं ज्यादा तो कहीं हल्की वर्षा का माहौल बना हुआ है। बारिश से जगह-जगह पानी भरने की भी खबरें सामने आ रही हैं। बुधवार को भी पंजाब के कई जिलों में वर्षा हुई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार मंगलवार मध्यरात्रि के बाद से बुधवार सुबह आठ बजे तक अमृतसर में 10.2 मिलीमीटर, लुधियाना में 12.4 मिलीमीटर, पटियाला में 0.1 मिलीमीटर, मोगा में 7.2 मिलीमीटर, होशियारपुर में 6.1 मिलीमरटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहा। फिरोजपुर में अधिकतम तापमान सबसे अधिक 37.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लुधियाना में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पटियाला में 36.6 डिग्री सेल्सियस, मुक्तसर में 36. 8 डिग्री सेल्सियस, होशियारपुर में 36.2 डिग्री सेल्सियस, बरनाला में 36.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 अगस्त तक पंजाब में बादल छाएं रहने, बूंदाबांदी, गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
