जालंधर,ENS: शहर में लूटपाट और चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। आए दिन बेखौफ लुटेरों वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे है। वहीं ऐसा ही एक मामला देर रात रामनगर से सामने आया है। जहां एक महिला के गले से सोने की चेन झपट कर भाग गए लेकिन लुटेरों को कुछ ही दूरी पर लोगों ने पकड़ लिया और इनकी जमकर धुनाई की। मिली जानकारी के मुताबिक जैसे ही लुटेरे चेन छीनकर भागे तो महिला के पति उनके पीछे लग गया। जिसके बाद महिला के पति ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान गली में घेराबंदी होने पर लोगों ने दोनों को दबोच लिया।
इसके बाद लोगों ने बाइक सवार दोनों लुटेरों की जमकर धुनाई की। पहले दोनों लुटेरे यह मानने को तैयार नहीं थे कि उन्होंने कोई स्नैचिंग की है, लेकिन जब लोगों ने दोनों की धुनाई के बाद सख्ती से पूछताछ की तो दोनों मान गए कि उन्होंने गले से चेन छीनी थी। लुटेरों की पहचान शीतल और अमन निवासी तरनतारन के रूप में हुए है। दोनों ही जालंधर में अपने किसी रिश्तेदार के पास ठहरे हुए हैं। वहीं गांधी कैंप निवासी महिला, जिसके गले से दोनों लुटेरे चेन छीन कर फरार हुए थे, के पति प्रवीण कुमार ने बताया कि वह दोनों का पीछा कर रहे थे।
वे रामनगर फाटक की तरफ भागे, लेकिन आगे फाटक बंद था। यह दोनों रामनगर की गलियों में घुस गए। दोनों ने यह सोचा कि वह गलियों से भाग जाएंगे, लेकिन उन्होंने वह गली पकड़ी, जो बाहर आकर मिलती थी। वहां पर उन्होंने शोर मचाया तो लोगों ने इन्हें पकड़ लिया। लुटेरों से जब लोगों ने चेन के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि चेन उनके पास नहीं है। जब महिला के पति ने उनका पीछा शुरू किया तो रास्ते में उन्होंने चेन एक जगह पानी में फेंक दी थी। महिला के पति प्रवीण ने कहा कि सोने की चेन 22 हजार में बनाई थी। चेन का बिल भी उनके पास है। उन्होंने यह भी कहा कि यह दोनों लुटेरे पहले लड़कियों से मोबाइल फोन भी छीन चुके हैं।