डेरा बस्सी: लालडू के गांव चोदहेरी से बड़ी खबर सामने आई है। जहां दोपहर को रिहायशी इलाके में क्लोरीन गैस लीक हो गई। यह गैस ट्यूबवेल पर पड़े करीब 10 साल पुराने सिलेंडर से लीक हुई। जब गैस अचानक लीक हुई तो लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन होने लगी। रिहायशी इलाके में गैस रिसाव के कारण गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने बच्चों को लेकर घरों से बाहर निकल आए। छोटे बच्चों समेत दो दर्जन लोगों को इलाज के लिए डेराबस्सी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इनमें एक गर्भवती महिला भी थी, जिसे चंडीगढ़ सेक्टर 32 अस्पताल रेफर किया गया था।



अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि गांव में पानी के ट्यूबवेल की मोटर खराब होने पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी बीच ठेकेदार ने 10 साल पुराने सिलेंडर को बाहर निकाल दिया, जिसमें क्लोरीन गैस थी, जिससे रिसाव होने लगा। जैसे-जैसे गैस फैलने लगी लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। सूचना मिलने पर डेराबस्सी से फायर ब्रिगेड कर्मी मौके पर पहुंचे और करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। क्लोरीन गैस सिलेंडर को पानी की टंकी में डुबाकर गैस का असर रोका गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।