पटियालाः पंजाब में क्राइम की वारदातों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। आए दिन लूटपाट और कत्ल के मामले सामने आ रहे है। वहीं आज सुबह बस स्टेंड के नजदीक 2 नौजवानों का चाकू मारकर कत्ल करने का मामला सामने आया है। दोनों नौजवानों के शव सड़क किनारे बरामद होने से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। मारे गए युवकों की पहचान नकुल कुमार (18) पुत्र सतीश कुमार निवासी गली नंबर छह पुराना बिशन नगर और अनिल कुमार (20) उर्फ छोटू पुत्र दुर्गा प्रसाद निवासी शहीद भगत सिंह कालोनी के तौर पर हुई है। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कातिलों की तालाश शुरू कर दी है। थाना लाहौरी गेट पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मरने वाले दोनों दोस्त थे और तीन-चार दिन पहले इनका कुछ लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा हुआ था। पुलिस को शक है कि इस रंजिश में ही दोनों का कत्ल किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की गहराई से जांच करने की बात कही जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं नौजवान बेटों की हत्या के बाद परिवार का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए इंसाफ की मांग की है।