जालंधर/वरुणः महानगर में स्थित थाना 3 के एसएचओ कमलजीत और अड्डा टांडा के प्रधान दीपक जोशी के बीच विवाद ने एक बार फिर से तूल पकड़ ली है। दोनों के बीच पिछले दो दिन से चल रहा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आज एक बार फिर से अड्डा टांडा के सभी दुकानदार धरने पर बैठ गए है। अब अड्डा टांडा रोड़ की एसोसिएशन के समर्थन में आज अड्डा होशियारपुर चौक, टांडा रोड़, इकहरी पुली और मिट्ठा बाजार की एसोसिएशन भी सामने आ गई हैं। मामले की जानकारी देते हुए पूर्व पार्षद मिंटा कोछड़ ने बताया कि पुलिस द्वारा धक्केशाही की जा रही है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए एसोसिएशन के प्रधान दीपक जोशी ने कहा कि अगर उन्हें इंसाफ ना मिला तो वह शाम को सीपी को दुकानों की चाबियां सौंपेगें। इसी के साथ उन्होंने कल जालंधर को बंद करने का ऐलान किया है।
उन्होंने कहा कि बीते दिन प्रतिष्ठित लोगों के बीच मामला लगभग खत्म हो गया था, लेकिन थाना प्रभारी ने मीडिया में ब्यान दिए हैं कि उनके द्वारा सभी पर केस दर्ज कर उन्हें जमानत पर छोड़ा गया है। जो कि बिल्कुल गल्त है। मिंटा कोछड़ ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस अधिकारियों के व्यापारियों के साथ किए जा रहे इस व्यवहार पर चुप नहीं बैठा जाएगा। बता दें कि अब फिर से धरने पर बैठे दुकानदारों द्वारा मार्किट बंद करके प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन आज यातायात को जाम नहीं किया गया है।
बीते दिन एसोसिएशन के प्रधान और 400 दुकानदार एसएचओ के खिलाफ धरना लगाकर बैठ गए थे। जिसके बाद एसएचओ खुद मौके पर पहुंचे और धरना स्थल से प्रधान दीपक जोशी को उठाकर थाने ले गए। जिसके बाद एसएचओ ने दीपक जोशी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इस घटना के बाद थाना 3 के बाहर लोगों द्वारा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान एसएचओ ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।