ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बंगाणा में अवैध खैर कटान के एक मामले का खुलासा हुआ है। वन विभाग की कार्रवाई में करीब 30 लठ्ठ खैर लकड़ी बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,68,558 रुपये आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में अवैध तरीके से लकड़ी ले जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस को वन परिक्षेत्र अधिकारी बंगाणा की ओर से दी गई शिकायत में बताया कि 31 मार्च की सुबह लगभग 3:45 बजे गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध तरीके से खैर के पेड़ों की कटान कर लकड़ी को वाहनों के माध्यम से कहीं ले जा रहे हैं। वन विभाग बंगाणा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप वाहन संख्या (एचपी-23ए-4703) और एक स्कूटी संख्या (एचपी-78ए-4616) संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। जब टीम ने दोनों वाहनों को रोका और जांच की, तो पिकअप वाहन में खैर की लकड़ी के लठ्ठ भरे हुए पाए गए। जांच के दौरान वाहन में 30 लठ्ठ खैर लकड़ी लदी हुई थी, जिनका कुल वॉल्यूम 0.768 घन मीटर मापा गया। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही लकड़ी को कब्जे में लेकर उसका मूल्यांकन किया, जिसमें लकड़ी की कीमत 1,68,558 रुपये आंकी गई। इसके बाद पूरी कार्रवाई की सूचना पुलिस को दी गई।
रेंज ऑफिसर बंगाणा की टीम में फॉरेस्ट गार्ड प्रवीण कुमार आसिफ भट्टी और अंकुश कुमार द्वारा हर दिन अवैध कटान को रोकने का नाका लगाया जाता था। सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर नाके पर अवैध कटान का ट्राला पकड़ा गया है। बही पुलिस द्वारा पांच लोगों के खिलाफ जिन में राजेश कुमार पुत्र करम चंद, निवासी गांव जहियाणी, तहसील बड़सर,मनबर सिंह पुत्र गुरदीप सिंह, निवासी गांव डड्यार, तहसील बंगाणा,अभिषेक कुमार पुत्र ओम प्रकाश, निवासी मस्लाना, तहसील बड़सर, विशाल निवासी नालूट तहसील बंगाणा,अनिश कुमार निवासी नलूट तहसील बंगाणा शामिल हैं।
रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद ने बताया कि बंगाणा के लठियाणी के साथ एक किमी की दूरी पर सरकारी जंगल स्थल नलूट से बीते चौबीस घंटे में इन आरोपियों ने खैर के पेड़ों पर अवैध कटान की कुल्हाड़ी चलाई है। आरोपियों को पुलिस दस्ते के साथ फॉरेस्ट विभाग ने मौके पर ले जाकर शिनाख्त की, और मौके पर खैर के पेड़ो के ठूंठ पाए गए हैं। जिला ऊना डीएफओ सुशील राणा ने कहा कि बंगाणा फॉरेस्ट रेंज में अवैध खैर कटान के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ शुरू करने की तैयारी है। सुशील राणा ने बताया कि हाल ही में नाके के दौरान अवैध कटान में संलिप्त पांच आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली है। इन आरोपियों से पूछताछ के दौरान अवैध कटान के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।