4 किन्नरों ने की खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश
इंदौरः शहर के नंदलालपुरा इलाके में किन्नर समाज में बड़ा हंगामा मच गया। यहां 24 किन्नरों ने एक साथ फिनायल पी लिया। वहीं एमवाय अस्पताल के बाहर 4 किन्नरों ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह उन्हें काबू में किया और बोतलें छीन लीं। फिलहाल सभी फिनायल पीने वाले किन्नरों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फिनायल पीने की बात सामने आई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किन्नरों ने ऐसा कदम क्यों उठाया। सीएमएचओ को सभी मरीजों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।
https://youtube.com/shorts/Lkk6C_gdceA?feature=share
एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने भी रात में एमवाय अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जहर पीने वालों में से दो किन्नरों को आईसीयू में भर्ती किया गया है, बाकी को सामान्य वार्ड में रखा गया है। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि किन्नर समाज के डेरे में झगड़े और हंगामे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को संभाला गया। स्थिति सामान्य होने के बाद सभी के बयान लिए जाएंगे, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, किन्नरों के दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह विवाद गद्दी और संपत्ति को लेकर है। एक पक्ष सीमा गुरु से जुड़ा है, जबकि दूसरा पायल गुरु का समर्थक बताया जाता है। इस विवाद को सुलझाने के लिए कुछ महीने पहले पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने एसआईटी गठित की थी, लेकिन 3 महीने गुजर जाने के बाद भी टीम किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। पहले इस जांच की जिम्मेदारी डीसीपी ऋषिकेश मीणा के पास थी, पर उनके ट्रांसफर के बाद जांच ठंडी पड़ गई।