जौनपुरः जिले में 2 सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। शनिवार रात साढ़े 11 बजे दोनों भाई शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे थे कि घर से 200 मीटर पहले ही बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दोनों भाई बाइक से गिर गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। बदमाश उन्हें देखते ही भाग गए। परिजन दोनों भाइयों को प्रयागराज ले जा रहे थे, तभी रास्ते में एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरे की अस्पताल में मौत हो गई। घटना रामनगर गांव के मझिगवां मोड़ के निकट बेलवार मार्ग पर हुई।
Read in English:
Two Brothers Shot Dead While Returning From Wedding Invitation in Jaunpur
जानकारी देते हुए शाहजहां के बेटे आफताब आलम ने बताया कि पापा और चाचा जहांगीर दोनों छोटे भाई कि शादी का कार्ड बांटने के लिए सुबह 9 बजे निकले थे। वह बुआ के यहां मल्हनी गए थे। जहां से देर रात वापस आते समय बदमाशों ने रामनगर गांव के पास उन्हें घेर लिया। उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से दोनों भाई बाइक से गिर गए। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखा तो दोनों भाई खून से लथपथ सड़क पर तड़प रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को सीएचसी लेकर पहुंची। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों भाइयों को प्रयागराज रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में ही ले जाते समय शाहजहां की मौत हो गई। जहांगीर को प्रयागराज के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।
बेटे आफताब का आरोप है कि मेरे पिता-चाचा की रात में ही हत्या हो गई थी, लेकिन पुलिस ने फोन करके हमें पहले बताया था कि उनका एक्सीडेंट हुआ है। जब हम वहां पहुंचे तो वे लहूलुहान हालत में में पड़े हुए थे। पुलिस कल रात से ही मुझे सिर्फ घुमा रही है।
थानाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि दोनों भाइयों की गोली मारकर हत्या की गई है। परिवार में शादी का कार्यक्रम होना था। इसलिए दोनों दो दिन पहले ही मुंबई से जौनपुर आए थे। जांच में सामने आया है कि मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, हालांकि अभी यह पूरी तरह से साफ नहीं है। शाहजहां को कमर के ऊपर एक गोली और जहांगीर को कमर के पास और कंधे पर दो गोलियां लगीं है। वे रिश्तेदारों को जहांगीर के बेटे की शादी का निमंत्रण देने आए थे। घटना के बाद अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।