भोपालः सनराइज मैरिज गार्डन में 10 सिलेंडरों ब्लास्ट होने का मामला सामने आया है। इस दौरान धमाके की आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनियों में दहशत का माहौल बन गया। पास के कई घरों की दीवारों में दरारें भी आ गई। घटना भानपुर क्षेत्र के वार्ड 74 में सोमवार रात की है। सूचना मिलते ही दमकलें मौके पर पहुंची। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पा काबू पाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह मैरिज गार्डन पिछले 2 साल से अवैध रूप से चल रहा था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां लगातार ट्रैफिक जाम और ध्वनि प्रदूषण की समस्या बनी रहती थी। पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन प्रशासन ने सख्त कार्रवाई नहीं की। लोगों ने गार्डन संचालक रोहित साहू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
श्रीराम कॉलोनी, सिद्धिविनायक कॉलोनी, मोहाली खेजड़ा जैसे रिहायशी इलाके इस गार्डन के नजदीक हैं। यहां के रहवासी लगातार इस गार्डन के संचालन पर आपत्ति जताते रहे हैं। धमाके की वजह से कई घरों की दीवारें हिल गईं। लोग घरों से बाहर भागे। रहवासी जया कुशवाहा ने बताया कि गार्डन से हमारा घर लगा हुआ है। टंकी फटते ही हम घर छोड़कर भागे। जब यहां शादी होती है तब हम घंटों घरों में कैद हो जाते हैं।