मोहालीः 19 वर्षीय युवक बंटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में सनसनी मचा दी। मृतक बंटी, जो पेशे से पेंटर था, रोजी-रोटी कमाने के लिए उत्तर प्रदेश से मोहाली आया था और हाल ही में इस शहर में बस गया था।
बंटी के पिता और उसकी बहन ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या उसके दोस्तों ने की है। पिता का कहना है कि बंटी के गले पर चोट के निशान मिले जिससे प्रतीत हो रहा है कि उसके दोस्तों ने उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाकर गला घोंट दिया। इसके बाद, शव को फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को CCTV फुटेज से भी मिली है, जिसमें कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद हैं। परिवार का कहना है कि बंटी के दोस्तों और मृतक के बीच पहले भी दो-तीन बार झगड़े हो चुके थे, जिससे हत्या के पीछे व्यक्तिगत दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। परिवार पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही जांच पूरी की जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी।
डीएसपी हरसिमरत सिंह बल ने बताया कि उन्हें एक युवक के मरने की सूचना मिली थी जिसके आधार पर 194 बीएनएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई थी। अब मृतक के पिता को शक है कि उसके बेटे की हत्या हुई है जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के आरोपों की पुष्टि और कार्रवाई की जाएगी।