कुटलैहड़ के विधायक ने 101 लाभार्थियों को 05,02,700 के बांटे चैक, 37 स्कूलों को 1.88 लाख के चैक किए वितरित
ऊना/ सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कार्यालय जोगी पंगा में कार्यक्रम का आयोजन करते हुए कुटलैहड़ क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों और शैक्षणिक संस्थानों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र के 71 जरूरतमंद परिवारों को कुल 3 लाख 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के चैक वितरित किए। इसके साथ ही कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के 37 सरकारी स्कूलों को कुल 1 लाख 88 हजार रुपये के अलग-अलग चैक भी प्रदान किए गए, ताकि स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्य तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता से उन्हें अपने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के हर उस परिवार तक सहायता पहुंचाना है जो आर्थिक रूप से कमजोर है और जिसे सरकार की योजनाओं से लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समितियों से अपील की कि वह इस राशि का उपयोग स्कूलों के विकास और विद्यार्थियों की सुविधाओं को बढ़ाने में करें।
बंगाणा में सब जज कोर्ट डीएसपी कार्यालय सहित 25 मांगों पर शुरू हुआ काम
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि हाल ही में क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखबिंदर सुक्खू ने कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण मांगों को स्वीकार करते हुए बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें बंगाणा में सब जज कोर्ट, डीएसपी कार्यालय तथा बंगाणा बस अड्डे के निर्माण की घोषणा प्रमुख है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई इन घोषणाओं के साथ-साथ क्षेत्र की 25 अन्य मांगों को भी पूरा करने की घोषणा की गई है। इन घोषणाओं पर प्रशासनिक स्तर पर कार्य शुरू हो चुका है और संबंधित विभागों को आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से कुटलैहड़ क्षेत्र की जनता को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को न्यायिक सेवाएं, पुलिस प्रशासन और यातायात सुविधाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल तहसीलदार बंगाणा अमित कुमार खंड बिकास अधिकारी के एल वर्मा कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका अजय कुमार केवल कृष्ण शर्मा मोहित शर्मा जितेंद्र कुमार जोगेंद्र देव आर्य के अलावा पंचायत प्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।