गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3 होगा मैच, टॉस 2:30 बजे
नई दिल्लीः महिला क्रिकेट वनडे विश्व कप 2025 की शुरुआत आज से हो चुकी है। इस बार का विश्व कप भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। इस बार की लड़ाई में जहां भारत की निगाह खिताब पर होगी तो ऑस्ट्रेलिया अपने खिताब का बचाव करेगा। भारत और श्रीलंका दोनों टीमों को अपने पहले खिताब का इंतजार है।
मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। टॉस 2:30 बजे होगा। पिछले वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी। वहीं, श्रीलंकाई टीम तो क्वालिफाई ही नहीं कर पाई थी। भारतीय टीम दो बार (2005, 2017) इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाई। श्रीलंका ने अब तक एक भी फाइनल नहीं खेला है।
भारत और श्रीलंका की विमेंस टीमों के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 31 जीते, जबकि श्रीलंका को केवल 3 जीत मिली। वहीं, एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका।
भारतीय बैटर स्मृति मंधाना अपनी लगातार अच्छी बल्लेबाजी की वजह से ICC वनडे बैटिंग रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। 29 साल की इस खिलाड़ी ने अकेले 2025 में 4 वनडे शतक और तीन अर्धशतक जड़े हैं और इस साल अपनी 14 पारियों में उनका औसत 62 का रहा है। आज के मुकाबले में भी स्मृति पर सभी की नजर रहेगी। वहीं, बॉलिंग में स्नेह राणा ने इस साल शानदार परफॉर्म किया है। वे इस साल टीम की टॉप विकेट टेकर हैं।