ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल अम्व के अंतर्गत गांव नकड़ोह में जठेरे पूजन के कार्यक्रम में शिरकत करने आई पंजाब की की 37 वर्षीय एक महिला की हार्ट अटेक से मौत हो गई। मृतक की पहचान सोनिया पत्नी राजेश कुमार निवासी मकान नंबर 836/ई-6 गली प्रेमवाली पुराना नरैणगढ़ शियाटा जिला जालंधर के रूप में हुई है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उसके स्वजन के हवाले करके जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जालंधर निवासी सोनिया रविवार को अपने स्वजन के साथ नकड़ोह में जठेरे पूजन के धार्मिक अनुष्ठान में आई हुई थी। दोपहर करीब ढाई बजे अचानक उसकी तबियत खराब होने से वह अचेत हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी अम्व आशीष पठानिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर मृतक का सोमवार को क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन के बयान दर्ज किए हैं। जिसमें उन्होंने किसी भी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है।
