बिहारः वीरवार की सुबह करीब 6 बजे कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में NH 319 पर मामा देवगांव के पास एक टेंपो और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब सभी लोग शादी समारोह से वापस घर आ रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल मोहनिया पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटनास्थल पर मौजूद श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि सभी लोग मोहनिया थाना क्षेत्र के मामा देव गांव के निवासी हैं। बीती रात मोहनिया शहर में होंडा एजेंसी के पास स्थित राधे कृष्णा मैरेज हॉल में बुधवार को एक शादी में शामिल होने गए थे। समारोह से अपने गांव मामा देव लौटते समय यह हादसा हुआ।
घायलों में मामा देवगांव के 35 वर्षीय संतोष, 35 वर्षीय सरोज, 35 वर्षीय रीता देवी, 16 वर्षीय निधि कुमारी, 40 वर्षीय उषा देवी, 38 वर्षीय सुगंधा देवी, 40 वर्षीय रीना देवी और 40 वर्षीय जमुना देवी शामिल हैं। मृत महिला की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र के मामा देव गांव निवासी धीरेंद्र कुशवाहा की 39 वर्षीय पत्नी देवंती देवी के रूप में हुई है। मोहनिया थाना अध्यक्ष ने आलोक कुमार ने बताया कि मामले में ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है।