ऊना/ सुशील पंडित : पिछले हफ्ते 9 मार्च को बाइक की टक्कर से घायल महिला की मौत हो गई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279,337,304ए के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आपको बता दें कि 9 मार्च को एक प्रवासी महिला जलग्रां टिब्बा में सड़क किनारे खड़ी थी कि तभी पंजाब के फिरोजपुर जिले के रहने वाले तरुणदीप पुत्र कमलदीप ने तेज गति से मोटरसाइकिल महिला से भिड़ा दी।
महिला के पति अमित कुमार पुत्र रामकेश ने अपनी शिकायत में बताया है कि जिस समय बाइक सवार ने उसकी पत्नी को टक्कर मारी तब वह परिवार सहित सड़क किनारे खड़ा था। टक्कर से उसकी पत्नी और बाइक सवार दोनों बुरी तरह घायल भी हो गए थे। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उसकी पत्नी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
